रायपुर, 17 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) की ओर से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार की गईं सौम्या चौरसिया को रिमांड अवधि पूरी होने के बाद शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट में सुनवाई के पश्चात न्यायाधीश ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया है।
गौरतलब है कि ईओडब्ल्यू ने इससे पहले सौम्या चौरसिया को पूछताछ के लिए तीन दिन की रिमांड पर लिया था। इस दौरान जांच एजेंसी ने शराब घोटाले से जुड़े विभिन्न पहलुओं को लेकर उनसे गहन पूछताछ की। रिमांड समाप्त होने पर उन्हें पुनः अदालत में प्रस्तुत किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें 30 जनवरी तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
उल्लेखनीय है कि इस चर्चित घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के बाद ईओडब्ल्यू द्वारा गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए सौम्या चौरसिया ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। इस याचिका पर 8 जनवरी को सुनवाई के दौरान राज्य शासन ने जवाब पेश करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था। इसके बाद 15 जनवरी को शासन की दलीलें सुनने के पश्चात हाईकोर्ट ने सौम्या चौरसिया की अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया था।
जमानत याचिका खारिज होने के बाद जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।
