बिलासपुर, 16 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में अवैध नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तोरवा पुलिस एवं साइबर टास्क टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 11.80 किलोग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन जप्त किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर सीमावर्ती इलाकों में सघन निगरानी की जा रही थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल एवं सीएसपी (कोतवाली) गगन कुमार के मार्गदर्शन में साइबर यूनिट और थाना तोरवा पुलिस की टीम लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी।
इसी दौरान 15 जनवरी 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हेमुनगर ओवरब्रिज के पास मैदान में दो युवक भारी बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में खड़े हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर यूनिट और थाना तोरवा पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखकर दोनों संदिग्ध युवक भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद दो अलग-अलग बैग से खाकी टेप में लिपटा कुल 11.080 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 32 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जप्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहादुर सिंह राठौर (28 वर्ष), निवासी ग्राम लालपुर, पेंड्रारोड, जिला जीपीएम तथा इंद्रजीत कुरील (26 वर्ष), निवासी कटनी मुडवारा, जिला कटनी (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा से लाकर मध्यप्रदेश ले जाने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 19/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को अंतर्राज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क पर बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
