कोरबा, 16 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले स्थित एसईसीएल की कुसमुंडा खुली खदान में गुरुवार को एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हो गया। खदान में हाइड्रोलिक मशीन पर मरम्मत कार्य के दौरान अचानक सिलेंडर फट गया, जिससे मौके पर काम कर रहे एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में मृतक की पहचान संजय कुमार (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वाड्रफ नगर का निवासी था। बताया जा रहा है कि संजय चार बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त मशीन पर कुल छह मजदूर कार्य कर रहे थे। अचानक हुए तेज विस्फोट से खदान परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मजदूरों में दहशत फैल गई। घायल मजदूरों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद खदान परिसर में परिजन और अन्य मजदूरों का आक्रोश देखने को मिला। नीलकंठ कंपनी पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए परिजनों ने कड़ी कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।
मामले की जानकारी देते हुए दर्री सीएसपी विमल पाठक ने बताया कि घटना अत्यंत गंभीर है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है तथा जिम्मेदारों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
