महासमुंद, 16 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और थाना बसना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने 150 किलो 750 ग्राम अवैध गांजा जब्त कर तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तन्मय मिश्रा उर्फ लिपुन (उम्र 29 वर्ष), प्रमोद कल्ता उर्फ सिकन (उम्र 25 वर्ष) और दीनबंधु मिश्रा (उम्र 39 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो क्रेटा कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, जब्त गांजा, वाहन और अन्य सामानों की कुल अनुमानित कीमत करीब 95 लाख 15 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पिछले एक महीने के भीतर जिले में अब तक करीब 860 किलो अवैध गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 करोड़ 30 लाख रुपये है। एएनटीएफ और बसना पुलिस की संयुक्त टीम नशे के अवैध कारोबार पर लगातार सख्ती से कार्रवाई कर रही है और आगे भी ऐसे अभियानों को तेज किया जाएगा।
