रायपुर 16 जनवरी।(दुर्ग भिलाई अपडेट) राजधानी रायपुर और दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जानकारी दी है कि जून 2026 से कुम्हारी टोल प्लाजा को स्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा। इस फैसले से वर्षों से चली आ रही यातायात जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।
गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, स्टेट हाईवे और नेशनल हाईवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक के बाद सांसद अग्रवाल ने यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि दुर्ग–आरंग बायपास के शुरू होते ही कुम्हारी टोल प्लाजा का संचालन समाप्त कर दिया जाएगा। साथ ही मार्च 2026 के बाद किसी भी नए टोल टेंडर को मंजूरी नहीं देने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
बैठक के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि अक्टूबर 2026 से भारतमाला परियोजना के अंतर्गत एक्सप्रेस-वे की शुरुआत होगी। इससे रायपुर को आधुनिक सड़क नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, जिससे आवागमन तेज और सुचारु होगा। इसके साथ ही क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और आर्थिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
सांसद ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है और यह निर्णय उसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।
