जगदलपुर, 16 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत बस्तर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में संजय मार्केट स्थित दुकान से 63 हजार रुपये की चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत संजय मार्केट में स्थित होलसेल नारियल दुकान के संचालक शिव राम यादव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे 8 जनवरी को घरेलू कार्य से केशकाल गए हुए थे। अगले दिन सुबह करीब 9 बजे जब दुकान पहुंचे तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। दुकान के अंदर दराज में रखी 60 हजार रुपये की नकदी और 3 हजार रुपये के सिक्के, कुल 63,000 रुपये, अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिए गए थे।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने सोनू उर्फ त्रिलोचन कश्यप, इरफान सिद्दीकी और कुशल नायडू को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें तीनों ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि चोरी की रकम को आपस में बांट लिया गया था तथा पैसों से कपड़े, जूते, म्यूजिक स्पीकर खरीदे गए। आरोपियों के कब्जे से 4,000 रुपये नकद सहित अन्य सामान बरामद किया गया, जिसे गवाहों के समक्ष जब्त किया गया। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी टीआई भोला सिंह राजपूत, उनि. छबील तांडेकर, अरुण मरकाम, आरक्षक प्रकाश नायक, रंगलाल खरे, बलराम कश्यप, त्रिनाथ कश्यप एवं उत्तम ध्रुव की सराहनीय भूमिका रही।
