कांकेर, 16 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
कांकेर जिले में बोर केबल चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल चोरी करने वाले आरोपियों को, बल्कि चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी उदित वीर पासी पिता स्व. रविन्द्रनाथ पासी, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम सिगारभाट, थाना कांकेर ने 14 जनवरी 2026 को थाना पहुंचकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका फार्म हाउस ग्राम देवकोगेरा, थाना कांकेर में स्थित है। जब वे अपने फार्म हाउस पहुंचे तो देखा कि बोर में लगे 04 नग कोर केबल वायर गायब हैं। अज्ञात चोरों द्वारा बोर केबल को काटकर चोरी कर लिया गया था, जिसकी कुल कीमत लगभग 52 हजार रुपये बताई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कांकेर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 24/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने चोरी में शामिल आरोपियों और चोरी का केबल खरीदने वाले कबाड़ी को चिन्हित कर 15 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
निखिल गोटा उर्फ नुतन गोटा, पिता रामसिंग गोटा, उम्र 19 वर्ष, निवासी ब्यासकोंगेरा, थाना कांकेर, जिला कांकेर।
पृथ्वीराज सलाम, पिता मेघराज सलाम, उम्र 19 वर्ष, निवासी डोडेरापाल, थाना केशकाल, जिला विश्रामपुरी।
एक विधि से संघर्षरत बालक भी इस मामले में शामिल है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड प्राप्त किया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कांकेर निरीक्षक जितेन्द्र कुमार साहू के नेतृत्व में उप निरीक्षक सुरेन्द्र मानिकपुरी, प्रधान आरक्षक सुरेश भुआर्य, आरक्षक श्रवण ठाकुर, पुरन साहू, रामराम जुर्री एवं थाना पेट्रोलिंग पार्टी की अहम भूमिका रही।
कांकेर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
