राजनांदगांव, 16 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। डोंगरगढ़ थाना पुलिस ने मूकबधिर युवती को शराब पिलाकर दुष्कर्म करने के गंभीर मामले में मुख्य आरोपी सहित उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 64(2)(क) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 जनवरी 2026 को शाम करीब 5 बजे मूंदगांव स्थित मुर्गी फार्म में काम करने वाला कांशी जांगड़े पीड़िता को मोटरसाइकिल से बोदेला मेले में घूमाने के बहाने ले गया। देर रात 7:30 बजे तक पीड़िता के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। कुछ समय बाद पीड़िता घर के बाहर शराब के नशे की हालत में जमीन पर सोई मिली।
अगले दिन 14 जनवरी को होश में आने पर पीड़िता ने इशारों में अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने आस्था मूकबधिर शाला, राजनांदगांव में पीड़िता का कथन-बयान दर्ज किया। जांच में सामने आया कि आरोपी कांशी जांगड़े को पीड़िता के मूकबधिर एवं श्रवण बाधित होने की जानकारी थी। इसके बावजूद उसने पीड़िता को शराब पिलाकर नशे की हालत में अपने किराये के मकान, मुडग़ांव ले जाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इस अपराध में रितेश लोधी ने उसका सहयोग किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में 15 जनवरी 2026 को दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद साक्ष्यों के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
