रायपुर, 16 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। राजधानी रायपुर से सटे अभनपुर क्षेत्र में आयोजित मड़ई मेले के दौरान गाड़ी साइड लगाने को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। इस घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई और दहशत का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभनपुर थाना क्षेत्र में चल रहे मड़ई मेले में इनोवा कार से पहुंचे चार युवक और बाइक पर सवार तीन युवकों के बीच वाहन साइड में लगाने को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने इनोवा सवारों पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे कार सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
चाकूबाजी से आक्रोशित इनोवा सवार युवकों ने बाइक सवारों पर गाड़ी चढ़ा दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक कैलाश, निवासी अभनपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। तीसरा युवक घटनास्थल से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अभनपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मेला परिसर व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
घटना के बाद मड़ई मेला क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा। एहतियातन पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की अपील की है।
