छत्तीसगढ़( दुर्ग भिलाई अपडेट)
(रायपुर)16 जनवरी। :राजधानी रायपुर पुलिस को दोपहिया वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने संगठित तरीके से एक्टिवा चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी समेत कुल 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान चोरी की 36 एक्टिवा वाहन बरामद की गई हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लगातार बढ़ रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट की विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं का विश्लेषण किया और सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई।
लगातार निगरानी के दौरान रवि भवन पार्किंग क्षेत्र से एक संदिग्ध को पकड़ा गया, जिसकी पहचान बोरियाकला मुजगहन निवासी रोशन रात्रे के रूप में हुई। पूछताछ में उसने मास्टर चाबी से अलग-अलग थाना क्षेत्रों से एक्टिवा चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि चोरी के वाहन परिचितों के माध्यम से खपाए जाते थे।
रोशन रात्रे की निशानदेही पर पुलिस ने कमल जांगडे, गितेश कुमार पाटले और मुस्कान रात्रे को गिरफ्तार किया। आगे की जांच में चोरी की गाड़ियां खरीदने और इस्तेमाल करने वाले 17 अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर कुल 36 चोरी की एक्टिवा जब्त की गईं, जिनमें से 24 वाहनों के संबंध में सिविल लाइन, डी.डी.नगर और गोलबाजार थानों में अपराध दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक वर्ष 2026 के पहले 15 दिनों में ही एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट द्वारा 44 दोपहिया वाहन जब्त किए जा चुके हैं, जो वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही गिरोह के नेटवर्क को लेकर अन्य जिलों तक जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पार्क करें, लॉक की जांच नियमित रूप से करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
