धमतरी, 15 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना अर्जुनी पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी का खुलासा करते हुए 12.538 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में करीब 4.43 लाख रुपये की संपत्ति भी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशानुसार अवैध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई गई थी। इसी दौरान थाना अर्जुनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि धमतरी–नगरी मार्ग पर ग्राम भोयना ग्राम पंचायत के पास मोटरसाइकिल से गांजा का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई, जहां उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 05/26 के तहत धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
तिलेश सिंह ठाकुर (27 वर्ष), पिता संतोष सिंह, निवासी वार्ड क्रमांक 03, गोपीबंद, थाना पंडरिया, जिला कोरबा।
तरूणा सिंह राजपूत (26 वर्ष), पिता शांतिलाल, निवासी सुभाष ब्लॉक, एसईसीएल कॉलोनी, थाना कोतवाली, जिला कोरबा।
जप्त सामग्री:
12.538 किलोग्राम गांजा (अनुमानित कीमत ₹1,25,380)
01 बजाज मोटरसाइकिल (कीमत ₹2,85,000)
04 मोबाइल फोन (कुल कीमत ₹33,500)
कुल जप्त मशरूका की अनुमानित कीमत ₹4,43,880 बताई गई है।
पुलिस ने सभी सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है। धमतरी पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
