खैरागढ़, 15 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। ग्राम पिपलाकछार में मंडई मेले के दौरान हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही एक विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना 13 जनवरी 2026 की शाम की है। मंडई मेले के दौरान झूले में कूदने को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद शुरू हुआ। विवाद को शांत कराने के लिए मोरध्वज पटेल (26) बीच-बचाव करने पहुंचा, इसी दौरान आरोपी हेमचंद उर्फ हर्षू निषाद ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल मोरध्वज को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरागढ़ ले जाया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
विवेचना में यह भी सामने आया कि बीच-बचाव के दौरान मृतक की विधि से संघर्षरत बालक से कहासुनी हुई थी, जिसने भीड़ का फायदा उठाकर चाकू से पेट पर वार किया। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 14 जनवरी को मुख्य आरोपी हेमचंद निषाद (निवासी अमलीडीह खुर्द) को गिरफ्तार किया। बालक की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
