राजनांदगांव, 15 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले के सोमनी थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित एक ढाबे में आपसी विवाद के दौरान चाकू और हॉकी स्टिक लहराकर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में इससे पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार हाईवे ढाबा देवादा के संचालक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दुर्ग निवासी शाहरूख, इज्जू ईरानी, मुंसिफ खान उर्फ अद्दू पटेल एवं मुकेश ढाबे में पहुंचे और फोन पर उसके भाई से गाली-गलौच किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। आरोप है कि शाहरूख के हाथ में हॉकी स्टिक और इज्जू ईरानी के हाथ में चाकू था। सभी ने मिलकर ढाबे में गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और कुछ समय तक उत्पात मचाने के बाद मौके से फरार हो गए।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना सोमनी में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव द्वारा विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पहले मुंसिफ खान उर्फ अद्दू पटेल एवं शाहरूख हुसैन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहीं फरार चल रहे आरोपियों इस्लाम अली उर्फ इज्जू ईरानी (34 वर्ष) निवासी ईरानी डेरा, केलाबाड़ी दुर्ग तथा मुकेश नेताम उर्फ भांजा (20 वर्ष) निवासी बुढ़ादेव मंदिर, सिविल लाइन दुर्ग को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोपेड, एक धारदार चाकू एवं एक हॉकी स्टिक जब्त की गई है।
सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
