जांजगीर-चांपा, 15 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद और जमीन बंटवारे को लेकर हुए भाई की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया था, लेकिन पुलिस टीम ने उसे धर दबोचा। घटना में प्रयुक्त लोहे का एंगल भी जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 जनवरी 2026 को प्रार्थी चंद्रमणी टैगोर ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसका सगा भाई चंद्रभूषण राठौर आए दिन शराब के नशे में घरेलू बातों और जमीन बंटवारे को लेकर गाली-गलौज व विवाद करता था। परिजन कई बार उसे समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आता था।
इसी क्रम में 13 जनवरी 2026 की रात करीब 8:30 बजे चंद्रभूषण शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी मां व भाइयों के साथ गाली-गलौज करते हुए जमीन विवाद को लेकर झगड़ा करने लगा। समझाइश देने पर भी जब वह नहीं माना, तो गुस्से में आकर उसके भाई चंद्रभास यादव ने घर में रखे लोहे के एंगल से चंद्रभूषण के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और आरोपी उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली में हत्या का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं सीएसपी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे को अवगत कराया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित कर तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर ग्राम पुटपुरा से आरोपी को भागते हुए पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई द्वारा लगातार गाली-गलौज किए जाने से परेशान होकर हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक नग लोहे का एंगल जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
