कवर्धा, 15 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। शहर के थाना कवर्धा क्षेत्र अंतर्गत तुलसी पारा में देह व्यापार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस को शिकायत मिली थी कि एक महिला अपने मकान में लड़के-लड़कियों को कमरे उपलब्ध कराकर तथा पैसों के बदले देह व्यापार करवा रही है।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए थाना कवर्धा पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। इस दौरान मोहल्लेवासियों और गवाहों से पूछताछ की गई। तलाशी के समय घर में कोई संदिग्ध व्यक्ति मौजूद नहीं मिला, लेकिन मकान मालकिन सरस्वती साहू पति दुर्गाप्रसाद मेरावी (उम्र 37 वर्ष), निवासी तुलसी नगर वार्ड क्रमांक 01, थाना कवर्धा ने स्वयं स्वीकार किया कि वह पैसों के बदले अपने मकान में कमरे उपलब्ध कराती थी और देह व्यापार के लिए ग्राहकों को लड़कियां भी उपलब्ध कराती थी।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी महिला मोबाइल फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से विभिन्न लोगों को लड़कियों के फोटो भेजकर सौदे तय करती थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सरस्वती साहू के खिलाफ धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा क्रमांक 06/07/2026 तैयार कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
आरोपी के मोबाइल फोन की जांच के दौरान कई संदिग्ध और तथाकथित सफेदपोश व्यक्तियों के मोबाइल नंबर सामने आए हैं, जिनकी विस्तृत जांच की जा रही है। कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि देह व्यापार जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सख्त और वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा इस प्रकरण से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।
