धमतरी, 15 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में अवैध धान परिवहन, भंडारण और खरीदी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार देर शाम नगरी विकासखंड के गट्टासिल्ली स्थित एस.के. फूड्स राइस मिल पर प्रशासनिक अमले ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिल को सील कर दिया।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में गठित जिला एवं विकासखंड स्तरीय उड़नदस्ता दल ने राजस्व विभाग, खाद्य विभाग और मंडी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राइस मिल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिल में उपलब्ध स्टॉक रजिस्टर की गहन जांच की गई तथा भौतिक सत्यापन कर धान और चावल की वास्तविक मात्रा का मिलान किया गया।
जांच में यह सामने आया कि स्टॉक रजिस्टर में दर्ज मात्रा की तुलना में मिल परिसर में 269 क्विंटल धान अतिरिक्त पाया गया। यह अतिरिक्त धान खरीदी वर्ष 2025-26 के दौरान अवैध परिवहन एवं भंडारण की आशंका को दर्शाता है, जिसे प्रशासन ने गंभीर अनियमितता मानते हुए तत्काल कार्रवाई की।
संयुक्त जांच दल ने मौके पर ही कुल 20,976 क्विंटल धान एवं 605 क्विंटल चावल जब्त कर लिया। जब्त सामग्री को नियमानुसार मिल के प्रतिनिधि जावेद मेमन की सुपुर्दगी में दिया गया है। वहीं, आगे की वैधानिक कार्रवाई एवं विस्तृत जांच के लिए एस.के. फूड्स राइस मिल को सील कर दिया गया है। मिल के संचालक आसिफ मेमन बताए गए हैं।
इस संबंध में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि शासन की धान उपार्जन व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों के हितों की रक्षा और समर्थन मूल्य प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए इस प्रकार की संयुक्त जांच एवं कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने सभी राइस मिल संचालकों और व्यापारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों के उल्लंघन पर किसी भी स्तर पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगने के साथ ही नियमों के पालन को मजबूती मिली है।
