गरियाबंद, 15 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
देवभोग थाना क्षेत्र के उरमाल गांव में आयोजित छह दिवसीय ओपेरा कार्यक्रम के दौरान हुए अश्लील नृत्य प्रकरण में प्रशासनिक जांच ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे द्वारा की गई जांच की रिपोर्ट कलेक्टर को सौंप दी गई है। औपचारिक अनुमोदन के बाद यह रिपोर्ट कमिश्नर कार्यालय भेजी जाएगी, जहां से संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
जांच में स्पष्ट रूप से सामने आया है कि कार्यक्रम की अनुमति देते समय तय सरकारी नियमों और शर्तों को पूरी तरह दरकिनार किया गया, जिससे यह मामला गंभीर प्रशासनिक लापरवाही का उदाहरण बन गया है।
बिना पुलिस-तहसील प्रतिवेदन के मिली अनुमति, भूमि स्वामी की सहमति भी नहीं
जांच रिपोर्ट के अनुसार 29 दिसंबर को आवेदन प्राप्त होते ही उसी दिन कार्यक्रम की अनुमति जारी कर दी गई। चौंकाने वाली बात यह रही कि आवेदन में अध्यक्ष बताए गए नरेंद्र साहू को स्वयं इस आवेदन की जानकारी तक नहीं थी।
न तो पुलिस विभाग से अनिवार्य प्रतिवेदन लिया गया और न ही तहसीलदार से स्थल संबंधी रिपोर्ट मंगाई गई। इसके अलावा आयोजन स्थल के भूमि स्वामी की सहमति भी नहीं ली गई। जांच में यह भी उजागर हुआ कि प्रतिवेदन मंगाने की प्रक्रिया केवल कागजी औपचारिकता बनकर रह गई थी।

कार्यक्रम के दौरान एसडीएम की मौजूदगी, प्रशासनिक भूमिका पर उठे सवाल
जांच के दौरान दर्ज किए गए गवाहों के बयानों से यह भी पुष्टि हुई है कि विवादित कार्यक्रम के दौरान संबंधित एसडीएम मौके पर मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एसडीएम मंच के सामने बैठकर कार्यक्रम का आनंद लेते नजर आए। इस तथ्य के सामने आने के बाद प्रशासनिक जिम्मेदारी और निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
अश्लील नृत्य प्रकरण में 15वीं गिरफ्तारी, ओडिशा से पकड़ी गई डांसर
पुलिस कार्रवाई की बात करें तो देवभोग पुलिस ने 8 जनवरी को प्रस्तुति देने वाली डांसर सुचित्रा जेना को गिरफ्तार किया है। आरोपी को ओडिशा के जाजपुर जिले के धर्मशाला थाना क्षेत्र से पकड़ा गया, जिसे बाद में निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

इससे पहले पुलिस आयोजकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 एवं 3/5 के तहत प्रकरण दर्ज कर 14 आरोपियों को जेल भेज चुकी है।
सोशल मीडिया से भीड़ जुटाने वाली डांसर अब भी फरार
विवादित 9 जनवरी के कार्यक्रम में शामिल डांसर निशा महाराणा की तलाश पुलिस को अब भी है। बताया गया है कि निशा ने कार्यक्रम से पहले सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर बड़ी संख्या में लोगों को कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की थी। इसी दिन हुए आयोजन में आपत्तिजनक नृत्य हुआ, जिससे मामला और अधिक तूल पकड़ गया।
रिपोर्ट पर कार्रवाई का इंतजार, कमिश्नर स्तर पर होगा अंतिम फैसला
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, जांच रिपोर्ट के आधार पर लापरवाह अधिकारियों और संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है। अब सभी की निगाहें कमिश्नर कार्यालय के निर्णय पर टिकी हुई हैं।
