*बालोद।* जिले में धान खरीदी के दौरान किसानों को आ रही समस्याओं और प्रशासनिक सख्ती के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी के नेतृत्व में जिले के तीनों विधायकों अनिला भेड़िया डौंडी लोहारा, कुंवर सिंह निषाद गुंडरदेही एवं संगीता सिन्हा बालोद ने कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
चर्चा के दौरान विधायकों और कांग्रेस पदाधिकारियों ने शासन-प्रशासन द्वारा किसानों के घरों में जाकर धान का स्टॉक चेक करने की कार्रवाई की कड़ी निंदा की। नेताओं ने स्पष्ट कहा कि किसानों के साथ अपराधी की तरह ट्रीट करना और स्टॉक चेक कर टोकन प्रदान करने में देरी करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस ने इसे तत्काल बंद करने की मांग की है। कहा गया कि धान खरीदी के मात्र 11 दिन शेष हैं, जबकि जिले के हजारों किसानों का धान अब तक नहीं खरीदा जा सका है।
खरीदी केंद्रों की सीमा को तुरंत बढ़ाने की मांग की गई है ताकि किसान तय समय के भीतर अपना धान बेच सकें। टोकन वितरण में हो रही देरी और अनावश्यक नियमों से किसानों को मुक्त करने की बात कही गई।

*दी उग्र आंदोलन की चेतावनी*
जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी एवं विधायकों ने कलेक्टर को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इन समस्याओं का निदान नहीं किया गया और किसानों को राहत नहीं मिली, तो कांग्रेस पार्टी बालोद जिले में धान का परिवहन रोकने जैसे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा, प्रदेश पदाधिकारी कृष्णा दुबे, मिथलेश निरोटी, गुलशन चंद्राकर, भोला देशमुख, राजू प्रभाकर, धनेश्वरी सिन्हा, पीयूष सोनी, रतीराम कोसमा, अंचल साहू, डॉ. किशोर साहू, सादिक अली, नरेंद्र सिन्हा, कुलदीप नौम्हारे, देवेंद्र साहू, कमलेश श्रीवास्तव, मोनू ठाकुर, यशवंत पुरी गोस्वामी, संदीप साहू, वैभव साहू, दाउद खान, जमील बख्श, जितेंद्र यादव, भूषण साहू, तुल्लेस सिन्हा, हिमांशु सागर साहू सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।
