कांकेर, 14 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में नेशनल हाइवे-30 पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। तेज रफ्तार में जा रहा एक क्रूजर वाहन चालक के नियंत्रण से बाहर होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गया। इस भीषण हादसे में एक महिला सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना कांकेर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलगांव के पास की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

हादसे में क्रूजर वाहन में सवार 6 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
