*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत आज से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पंचायत से पंचायत तक जनसंपर्क यात्रा प्रारंभ की है। यात्रा के दौरान ग्रामीण महिलाओं ने उनका स्वागत कर अपनी समस्या से अवगत कराया।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में आज मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत पंचायत जनसंपर्क पदयात्रा की शुरुआत टांडपाल पंचायत से हुई। दीपक बैज ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करते हुए इस जनआंदोलन का शुभारंभ किया। गांव गांव में दीपक बैज का भव्य स्वागत किया जा रहा है। महिलाएं आरती उतारकर और तिलक लगाकर दीपक बैज के संघर्ष को नमन करती नजर आईं। इस दौरान पीसीसी चीफ दीपक बैज ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार देश के गरीब ग्रामीणों से काम का अधिकार छीन रही है। कांग्रेस की सरकार ने हर गरीब मजदूर को महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना लाकर काम का जो अधिकार दिया था, उसे मोदी सरकार ने बंद कर दिया है। आप लोगों को काम के अवसर से वंचित कर दिया है। मनरेगा की जगह जो दूसरी योजना लाई गई है, उसमें मजदूरों के साथ ही ग्राम पंचायतों को भी अधिकार से वंचित कर दिया गया है। श्री बैज ने कहा कि भाजपा शुरू से आदिवासी, मजदूर, किसान और महिला विरोधी रही है। जिस राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पूरी दुनिया देवतुल्य मानती है, उस महान आत्मा के नाम से भी भाजपा और उसके नेताओं को बड़ी चिढ़ है। महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे के समर्थक भाजपा देश से गांधी नेहरू का नामों निशान मिटाने पर आमादा हो गई है। गांधी और नेहरू खानदान से नफ़रत के चलते ही महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना को बंद कर वी बी जी राम जी योजना लाई गई है। यह नई योजना पूरी तरह मजदूर विरोधी है और पंचायती राज व्यवस्था के विपरीत है। प्रदेश कांग्रेस प्रमुख दीपक बैज ने ग्रामीणों को आगाह किया कि भाजपा सरकार के इस मजदूर विरोधी नफरती कदम का अभी से विरोध नहीं करेंगे तो भविष्य अंधकार मय हो जाएगा।


