*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में भाजपा नेताओं के सत्ता का घमंड इस कदर सिर चढ़कर बोल रहा है कि अब उनकी गुंडागर्दी सड़कों से होते हुए सीधे आम लोगों के लोगों के घरों तक पहुंच गई है। क्षेत्रीय विधायक ने गंगालूर में हुई एक घटना को लेकर भाजपा नेता पर सीधा आरोप लगाया है।

बीजापुर के कांग्रेस विधायक विक्रम शाह मंडावी ने कहा कि भाजपा नेता व पूर्व सरपंच कमलू राजू ने सत्ता की धौंस दिखाकर अपने करीबियों के साथ महिला के मकान से जबरन सामान खाली कराया और बाहर डाल दिया। विधायक श्री मंडावी ने आरोप लगाया है कि भाजपा नेता व पूर्व सरपंच कलमू राजू अपने साथियों के साथ महिला के मकान पहुंचे और जबरन घर का सामान बाहर निकाल दिया। महिला को घर में बंद कर बाहर से ताला जड़ दिया गया। विधायक ने प्रशासन पर हमला बोला और कहा कि जिले के अधिकारी तमाशबीन बने बैठे हैं। इसलिए भाजपा नेता खुलेआम दादागिरी कर रहे हैं। ये लोग आम जनता को कुचलने पर तुले हैं। कुछ दिन पहले ही भोपालपट्टनम के भाजपा नेता बिलाल खान ने दो आदिवासी युवकों को जबरन सत्ता का धौंस दिखाकर जेल भिजवा दिया था। पीड़ित महिला ने विधायक से फोन पर बात कर न्याय की मांग की है। जानकारी अनुसार महिला ने पुलिस थाने में भी आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

*विधायक मुझे बदनाम कर रहे हैं*
पूर्व सरपंच व भाजपा नेता राजू कलमू ने बताया कि महिला अवनि कन्नम के पति ने मकान मालिक सुकलू हेमला को लिखित में दिसंबर तक मकान खाली करने कहा था। लेकिन मकान खाली नहीं किया गया। इसे लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद चला। मेरे साथ गंगालूर के वरिष्ठ ग्रामीण भी थे। मैंने किसी भी प्रकार की धौंस जमाने का काम नहीं किया है। विधायक मुझे इस मामले में जबरन बदनाम कर रहे हैं। मौजूद ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया है।
