*अर्जुन झा*(दुर्ग भिलाई अपडेट)
*जगदलपुर।* नगर के दलपत सागर में 23 जनवरी को आयोजित होने वाले भव्य दीपोत्सव की पूर्व संध्या शहर का माहौल भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बनता जा रहा है। हर शाम 7 बजे कई समाजों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा 101 दीप प्रज्वलित करने की परंपरा का निर्वहन किया जा रहा है।
इसी तारतम्य में बीती शाम कुटुंब ह्यूमैनिटी वेलफेयर के सदस्यों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने मिलकर दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम संपन्न किया। इस अवसर पर कुटुंब ह्यूमैनिटी वेलफेयर के सदस्यों ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए दीपों की सहायता से भगवान शिव के प्रतीक त्रिशूल की भव्य आकृति बनाई। 101 दीपों से बनी यह आकृति आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजबहादुर राणा, सभापति लक्ष्मण झा, निर्मल पाणिग्रही, संग्राम सिंह राणा, पार्षद पूनम सिन्हा, स्वच्छता एंबेसेडर विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने मिलकर दीप प्रज्वलित किया और समाज में सुख-समृद्धि की कामना की।

*सर्व समाज की सहभागिता*
कार्यक्रम में सर्व नाई समाज के प्रतिनिधियों ने भी अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। कुटुंब ह्यूमैनिटी वेलफेयर के पदाधिकारियों ने बताया कि दीपोत्सव के माध्यम से न केवल धार्मिक परंपराओं को सहेजा जा रहा है, बल्कि इसके जरिए शहर में स्वच्छता और मानवता का संदेश भी प्रसारित किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने आगामी 23 जनवरी के मुख्य दीपोत्सव कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया।
स्वच्छता एंबेसेडर विधु शेखर झा, धीरज कश्यप, सुलता महाराणा, राजीव निगम, राम नरेश पांडे, रतन व्यास मुख्य रूप से उपस्थित थे।
