रेवाड़ी, 11 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। हरियाणा के रेवाड़ी जिले में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो इनामी बदमाश विकास और हर्ष तोतला घायल हो गए, जिन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों बदमाशों के खिलाफ हत्या, लूट, डकैती समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, सीआईए रेवाड़ी को बदमाशों के छिपे होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम ने दबिश दी तो आरोपी मौके से फरार हो गए। पीछा किए जाने पर धारूहेड़ा थाना क्षेत्र के गांव जीतपुरा में बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें विकास और हर्ष तोतला के पैर में गोली लगी।
इस मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली एक पुलिसकर्मी को भी लगी, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट होने के कारण उसकी जान बच गई। पुलिस ने आरोपियों की कार से हथियार भी बरामद किए हैं। इसके अलावा अज्जू समेत एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी हेडक्वार्टर डॉक्टर रविंद्र और डीएसपी बावल सुरेंद्र श्योराण सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। सभी घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेवाड़ी के एसपी हेमेंद्र मीणा ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
