कोरबा, 11 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले की कुसमुंडा कोयला खदान क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब खदान परिसर से एक युवक का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान 36 वर्षीय टेकराम उर्फ लखेश्वर सतनामी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने युवक की मौत केबल चोरी के दौरान बिजली की चपेट में आने से होना बताया है।
मृतक के परिजनों के अनुसार, टेकराम को एक व्यक्ति बीते शनिवार को पिकनिक के बहाने घर से अपने साथ ले गया था, जिसके बाद से वह लापता था। काफी तलाश के बाद पुलिस से सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने शव की शिनाख्त की।
परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि टेकराम के साथ गए लोगों ने उसे केबल चोरी के लिए उकसाया और जानबूझकर करंट की चपेट में धकेल दिया। मृतक के पिता और छोटे भाई ने पूरे मामले में साजिश की आशंका जताते हुए निष्पक्ष व गहन जांच की मांग की है। परिजनों का यह भी कहना है कि टेकराम की मोटरसाइकिल घटना के बाद से गायब है।
बताया गया है कि मृतक मूल रूप से मानिकपुर क्षेत्र के डिपरापारा का रहने वाला था और वर्तमान में अपनी पत्नी व तीन बच्चों के साथ राताखार डैम के पास किराए के मकान में रह रहा था।
इस संबंध में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला केबल चोरी के दौरान करंट लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार घटना के समय करीब 10 लोग चोरी के इरादे से खदान में गए थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की भी जांच की जा रही है।
