रायपुर, 10 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। नया रायपुर के सेक्टर-28 स्थित मिनी मार्केट में शनिवार को अचानक आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग की लपटों ने किराना दुकान, कपड़ा दुकान समेत कई अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
आग लगते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग को जानकारी दी गई। दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
हालांकि स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों का आरोप है कि दमकल की गाड़ियां सूचना देने के करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचीं, जिससे आग तेजी से फैल गई और नुकसान बढ़ गया। यदि समय पर राहत पहुंचती तो कई दुकानों को बचाया जा सकता था। इस लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।
