रायपुर, 10 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
राजधानी रायपुर के राखी थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव पौता में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक कुएं से लापता बुजुर्ग का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान 51 वर्षीय भोलाराम बया के रूप में हुई है, जो बीते करीब दस दिनों से लापता थे। शव मिलने के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोलाराम बया घर से अचानक गायब हो गए थे, जिसके बाद परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसी दौरान गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर खार क्षेत्र में स्थित एक पुराने कुएं से तेज दुर्गंध आने की सूचना ग्रामीणों को मिली। जब लोगों ने कुएं में झांककर देखा तो पानी में एक शव तैरता नजर आया, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही राखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकलवाया गया। शव की स्थिति काफी खराब थी। जांच के दौरान पुलिस को मृतक के एक पैर में पत्थर बंधा हुआ मिला, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है और हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या का मामला है या फिर किसी ने हत्या कर शव को कुएं में फेंका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
