अंबिकापुर,10 जनवरी।(दुर्ग भिलाई अपडेट):शहर के गांधीनगर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मर्ग कायम करते हुए जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान बबलू मंडल, निवासी सुभाष नगर के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर फैलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। शव की स्थिति को देखते हुए परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
प्रारंभिक जांच में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज सामने आए हैं, जिनमें मृतक को कुछ अज्ञात लोगों के साथ देखा गया है। पुलिस इन फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी हुई है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
