कोरबा, 10 जनवरी। जिले के बाँकीमोंगरा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ पुलिस विभाग की डायल 112 सेवा में तैनात एक चालक पर अपने चार साथियों के साथ मिलकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डायल 112 वाहन का चालक अपने दोस्तों के साथ बाँकीमोंगरा क्षेत्र में स्थित एसईसीएल के एक आवास पर पहुंचा था। आरोप है कि यहाँ युवती को बुलाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद किसी तरह पीड़िता अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़िता को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा में भर्ती कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन थाना में शून्य पर अपराध दर्ज किया गया है। सूत्रों के अनुसार, इस घटना में शामिल पांच आरोपियों में से दो को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, जबकि तीन अन्य अभी फरार हैं। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।
डायल 112 जैसे संवेदनशील सेवा से जुड़े कर्मी की संलिप्तता सामने आने से पुलिस विभाग की छवि पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने मामले में निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
