*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी ने इन दिनों वन विभाग द्वारा बीजापुर जिले के जंगलों में लगातार पेड़ों की कटाई करवाई जाने को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है। विधायक श्री मंडावी ने जंगल उजाड़े जाने पर कड़ी नाराजगी जताई है।

विधायक विक्रम मंडावी ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि वन विभाग द्वारा बिना ग्रामसभा और ग्रामीणों की सहमति के की जा रही पेड़ों की कटाई पर तत्काल रोक लगाई जाए और बिना ग्रामसभा के अनुमति के हो रहे अवैध वनों की कटाई करने वाले दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। जनहित के मुद्दों पर हमेशा मुखर रहने वाले कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि बीजापुर जिला आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है और यहां पेसा कानून लागू है। ऐसे में वन विभाग द्वारा ग्रामसभा और ग्रामीणों की सहमति के बिना फलदार एवं ईमारती महुआ, तेंदू, शीशम, सागौन, आंवला, हल्दू, बीजा जैसे बेस कीमती पेड़ों की अवैध कटाई कराई जा रही है। जबकि ग्रामीण लगातार इस कटाई का विरोध कर रहे हैं। इसके बावजूद उनकी एक नहीं सुनी जा रही है। विधायक विक्रम मंडावी ने पत्र के माध्यम से इसे अवैध कटाई बताते हुए विभाग से सभी प्रक्रिया को गोपनीय रखने के साथ साथ कूप की श्रेणी और प्रोजेक्ट को गोपनीय रखने का आरोप लगाते हुए इस अवैध कटाई को तत्काल रुकवाते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
