रायपुर, 10 जनवरी (दुर्ग-भिलाई अपडेट)।
नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना गोबरानवापारा पुलिस ने तर्री शमशान घाट के पास से 710 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट निट्राजेपम के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा तथा पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर नशे की तस्करी और अवैध बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गोबरानवापारा पुलिस को सूचना मिली थी कि एक चारपहिया वाहन में कुछ लोग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने की फिराक में हैं।
सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवा रायपुर विवेक शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक तुलसीराम लेकाम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गोबरानवापारा के नेतृत्व में टीम ने मौके पर घेराबंदी कर वाहन को रोका। वाहन में सवार तीन व्यक्तियों ने पूछताछ में अपना नाम आशीष निर्मलकर, अरमान अहमद एवं किशोर यादव उर्फ पप्पू बताया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 710 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट निट्राजेपम, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये, बिक्री की नकदी रकम तथा तस्करी में प्रयुक्त मारूति स्विफ्ट डिजायर कार (CG 08 W 3107) जिसकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये है, जब्त की गई। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर तीनों को गिरफ्तार कर धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
आशीष निर्मलकर (36 वर्ष), निवासी कोष्टापारा, धमतरी
अरमान अहमद (19 वर्ष), निवासी जोहारपारा, बालोद
किशोर यादव उर्फ पप्पू (21 वर्ष), निवासी धोबनीपारा, कुरूद
पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है और नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
