(दुर्ग भिलाई अपडेट)
महासमुंद, 10 जनवरी।
जिले की सिंघोड़ा थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा की अंतर्राज्यीय तस्करी में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 60 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त ऑटो, मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 31 लाख 72 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिंघोड़ा थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध रूप से गांजा की तस्करी कर रहे हैं और ऑटो के माध्यम से एक स्थान से दूसरे स्थान तक इसकी ढुलाई की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की।
घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम ने ऑटो क्रमांक सीजी 07 बीआर 6305 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ऑटो में छिपाकर रखा गया 60 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अंतर्राज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी में संलिप्त हैं और इस मादक पदार्थ को अन्य राज्यों में खपाने की तैयारी में थे। पुलिस द्वारा की गई जब्ती में 60 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 30 लाख रुपये), तस्करी में प्रयुक्त ऑटो (अनुमानित कीमत 1 लाख 50 हजार रुपये), दो मोबाइल फोन (करीब 20 हजार रुपये) और 2 हजार रुपये नकद शामिल हैं। इस प्रकार कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 31 लाख 72 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है, ताकि गांजा तस्करी के नेटवर्क, इसके स्रोत और आगे सप्लाई किए जाने वाले ठिकानों की जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।
