जांजगीर-चांपा, 10 जनवरी।
शादी का झांसा देकर नाबालिक बालिका को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नागेश कुमार सूर्यवंशी (21) और उसके साथी गुलशन टैगोर (22) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अपहरण में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को धारा 137(2), 64(2)(द्व), 87, 3(5) बीएनएस तथा 4 एवं 6 पोक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
यह घटना 05 जनवरी 2025 की है। नाबालिक बालिका घर से अपनी दीदी के यहां जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने साइबर तकनीक का उपयोग करते हुए बालिका की लोकेशन ट्रेस की, जिससे पता चला कि बालिका आरोपी के साथ रायगढ़ क्षेत्र में मौजूद है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम रायगढ़ रवाना की गई। पुलिस ने वहां से नाबालिक बालिका को मुख्य आरोपी नागेश सूर्यवंशी के कब्जे से सुरक्षित बरामद किया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बालिका को शादी का झांसा देकर बहलाया और अपने साथी गुलशन टैगोर के साथ मिलकर मोटरसाइकिल से उसे भगाया था। आरोपी की निशानदेही पर उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी सिटी कोतवाली), सहायक उपनिरीक्षक अरुण सिंह, प्रधान आरक्षक राकेश राठौर और आरक्षक शंकर राजपूत की विशेष भूमिका रही।
