दंतेवाड़ा, 09 जनवरी। भैरमगढ़ स्थित डीएवी हॉस्टल में गुरुवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां कक्षा 11 में अध्ययनरत आदिवासी छात्र कोमल कडिय़म की गिरने से मौत हो गई। मृतक छात्र नेलसनार गांव का रहने वाला था।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 8:30 बजे कोमल हॉस्टल की तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। हादसे के बाद उसे गंभीर हालत में तत्काल भैरमगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दंतेवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान छात्र ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां बेटे की मौत से वे गहरे सदमे में नजर आए। इस हादसे के बाद हॉस्टल प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि हॉस्टल परिसर में न तो सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और न ही पर्याप्त संख्या में सुरक्षा गार्ड तैनात हैं।
हॉस्टल अधीक्षक के अनुसार, छात्र खाना खाने के बाद छत की ओर गया था, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह तीसरी मंजिल तक कैसे पहुंचा। जबकि हॉस्टल की ऊपरी मंजिलों पर चारों ओर पैराफिट दीवारें मौजूद हैं। फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
