खैरागढ़, 09 जनवरी। खैरागढ़ जिले के मोहगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत पैलीमेटा गांव के पास सड़क किनारे एक कंकाल मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कंकाल की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मोहगांव थाना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कंकाल को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की तथा आगे की जांच के लिए पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर कंकाल काफी पुराना बताया जा रहा है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि मृत्यु को कई महीने बीत चुके हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि गांव से एक व्यक्ति काफी समय से लापता है, ऐसे में कंकाल उसी का हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। लापता व्यक्तियों के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं और आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कंकाल की पहचान और मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।
