राजनांदगांव, 09 जनवरी। छुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बिजेपार से एक हृदय विदारक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक मासूम बालक प्रभात अरकरा की ट्रैक्टर से गिरकर मौत हो गई, लेकिन हादसे के बाद जो हुआ उसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
जानकारी के अनुसार, प्रभात ट्रैक्टर में सवार था। इसी दौरान असंतुलन के कारण वह ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ने मानवता को शर्मसार करते हुए परिजनों को सूचना देने के बजाय मासूम के शव को पास ही स्थित खाद के गड्ढे में दबा दिया।
इधर, बेटे के अचानक लापता होने से परेशान परिजनों ने छुरिया थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की, जिसमें पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ। आरोपी चालक की निशानदेही पर पुलिस ने खाद गड्ढे से मासूम का शव बरामद किया।
फिलहाल पुलिस आरोपी ट्रैक्टर चालक से सघन पूछताछ कर रही है। मामले में हत्या, साक्ष्य छिपाने सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई किए जाने की संभावना जताई जा रही है। घटना के बाद से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
