जशपुर, 09 जनवरी। जशपुर जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केराडीह–रैनीडांड में हुई बड़ी चोरी की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस हाई-प्रोफाइल चोरी मामले में पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे आईफोन, नगदी और लग्जरी लाइफस्टाइल का लालच प्रमुख वजह था।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थीया सुषमा निकुंज के पुराने मकान से करीब 15 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में सोने के आभूषण चोरी हुए थे। कुल मिलाकर चोरी गए माल की कीमत 51 लाख रुपये से अधिक आंकी गई। इस सनसनीखेज मामले में चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि चोरी की साजिश घर की ही भतीजी मिनल निकुंज ने अपने बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान और अन्य साथियों के साथ मिलकर रची थी।
मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को चिन्हित कर धरदबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मिनल निकुंज (21), अनिल प्रधान (25), अभिषेक इंद्रवार (28), लंकेश्वर बड़ाईक (35) और अलीशा भगत (29) शामिल हैं।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने अटैची से नकदी और जेवर निकालकर चोरी की रकम से एक हरियर कार खरीदी, जमकर पार्टियां कीं और बाकी रकम व आभूषण अलग-अलग जगहों पर छिपाए। कुछ सोना बेचने की बात भी जांच में उजागर हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक हरियर कार, सोने का कड़ा, तीन सोने के बिस्किट (100 ग्राम, 50 ग्राम व 20 ग्राम), मंगलसूत्र, 86,300 रुपये नकद, एक आईफोन और चार एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 51.82 लाख रुपये बताई गई है।
थाना नारायणपुर में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(र) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस रिमांड के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इस पूरी कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अंजाम दिया गया, जिसमें साइबर सेल जशपुर और थाना नारायणपुर की टीम की अहम भूमिका रही। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में चोरी की घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
