वैशाली | 09 जनवरी
बिहार के वैशाली जिले से रिश्तों, भावनाओं और सामाजिक मर्यादाओं को झकझोर देने वाला एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक पति ने पारिवारिक कलह और पत्नी के अवैध प्रेम संबंधों से टूटकर ऐसा फैसला लिया, जिसने पूरे इलाके को चौंका दिया। पति ने न केवल अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ जाने की अनुमति दी, बल्कि खुद कोर्ट पहुंचकर दोनों की शादी भी करवा दी।
मामला अहिरपुर गांव का है, जहां कुंदन कुमार और रानी कुमारी की शादी वर्ष 2011 में कोर्ट मैरिज के जरिए हुई थी। कुंदन एक ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) संचालित कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। दंपति के तीन बच्चे भी हैं और शुरुआत में सब कुछ सामान्य चल रहा था।
करीब पांच साल पहले हालात तब बदले जब रानी कुमारी की सोशल मीडिया के जरिए अपने ही फुफेरे भाई गोबिंद कुमार से बातचीत शुरू हुई। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ संपर्क धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गया। इसके बाद रानी कई बार पति और बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ चली गईं। हर बार कुंदन ने परिवार बचाने की कोशिश की और पत्नी को समझाकर घर वापस लाते रहे।
परिवार को बचाने के लिए कुंदन पत्नी को जम्मू तक ले गए, लेकिन वहां भी रिश्ते नहीं संभल सके। डेढ़ महीने पहले रानी एक बार फिर घर छोड़कर चली गईं। लगातार मानसिक तनाव, पारिवारिक कलह और बच्चों के भविष्य की चिंता ने कुंदन को पूरी तरह तोड़ दिया।
आखिरकार कुंदन ने वह फैसला लिया, जिसने सबको हैरान कर दिया। उन्होंने पत्नी को रोकने या विवाद बढ़ाने के बजाय उसे आज़ाद करने का निर्णय लिया। वैशाली कोर्ट में कुंदन की मौजूदगी और सहमति से रानी कुमारी और गोबिंद कुमार की कानूनी शादी कराई गई। हैरानी की बात यह रही कि कुंदन खुद इस विवाह के गवाह बने और कागजी कार्रवाई पर हस्ताक्षर भी किए।
शादी के बाद गोबिंद कुमार ने भरोसा जताया कि वह रानी के साथ नई जिंदगी की शुरुआत करेंगे। वहीं रानी ने स्वीकार किया कि वह कुंदन के साथ मानसिक रूप से खुश नहीं थीं और गोबिंद के साथ उन्हें अपनापन महसूस होता है। आपसी सहमति से यह तय हुआ कि तीनों बच्चे पिता कुंदन कुमार के पास ही रहेंगे।
यह मामला पूरे वैशाली जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग इसे एक ओर पति की मजबूरी बता रहे हैं, तो दूसरी ओर इसे त्याग और दरियादिली का उदाहरण मान रहे हैं। कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों के लिए यह दृश्य भावुक कर देने वाला था, जहां एक पति ने अपने दर्द को दबाकर पत्नी को उसकी पसंद की राह पर जाने दिया।
Related Posts
Add A Comment
About Us
दुर्ग–भिलाई और छत्तीसगढ़ की भरोसेमंद खबरों का विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ पोर्टल।
Email: updatedurgbhilai@gmail.com
Mobile: 7000086915
Address: 12/ आई रिसाली सेक्टर, भिलाई, छत्तीसगढ़
Usefull Pages
Disclaimer
DurgBhilaiUpdate.com पर प्रकाशित सभी समाचार, जानकारी और लेख सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य से हैं। वेबसाइट किसी भी जानकारी की पूर्ण सटीकता, विश्वसनीयता या अपडेट होने की गारंटी नहीं देती। किसी भी निर्णय के लिए कृपया आधिकारिक स्रोतों या विशेषज्ञ सलाह का पालन करें। वेबसाइट पर दिए गए विज्ञापनों और बाहरी लिंक की जिम्मेदारी संबंधित थर्ड-पार्टी की होगी।
© 2025 DurgBhilaiUpdate.com | Design By Nimble Technology
