*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* ग्राम सालेमेटा-2 के जुनागुड़ा पारा की बाड़ी में आकर एक हिरण का किसी जंगली जानवर ने शिकार किया है। जंगली जानवर के पंजों के निशान के आधार पर उसके शेर होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
बस्तर ब्लॉक की ग्राम पंचायत लामकेर सरपंच लक्ष्मण कश्यप ने बताया कि एक हिरण किसी जंगली जानवर के हमले का शिकार हुआ है। जंगल से भागकर अपनी जान बचाने गांव की ओर आया था। सरपंच के अनुसार मौके पर शेर के पंजे का निशान दिखाई दिया है। जानवर ने हिरण के पेट को फाड़कर अंदर का मांस खा लिया है।सरपंच लक्ष्मण कश्यप ने ग्राम पंचायत लामकेर, सालेमेटा-2 एवं आसपास के गांव के लोगों से अपील की है कि वे सतर्क और जागरूक रहें। जंगल जाएं तो समूह बनाकर जाएं और देख परख कर ही जाएं। सरपंच ने गांव वालों को अकेले जंगल में जाने से मना किया है। आस-पास के गांवों में सतर्क रहने को कहा गया है।

वन विभाग को सूचना दे दी गई है। वन विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि हिरण का शिकार शेर ने किया है या फिर किसी अन्य जानवर ने।
