रायपुर, 08 जनवरी। नशे के कारोबार पर लगाम कसने चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन निश्चय के तहत गोबरानवापारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 06 ग्राम 13 मिलीग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा एवं पुलिस उप महानिरीक्षक व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर की गई। अभियान का उद्देश्य जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खरीदी-बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दुलना तिराहा के पास दो व्यक्ति नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही थाना गोबरानवापारा प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम इमरान खान उर्फ गोलू (34 वर्ष), निवासी रिसाई पारा, धमतरी एवं पुरुषोत्तम साहू (29 वर्ष), निवासी संजय नगर, कुरूद, धमतरी बताया। तलाशी के दौरान उनके पास से 06 ग्राम 13 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना गोबरानवापारा में धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
