सक्ती, 08 जनवरी। जिले में अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देश पर जुआ, सट्टा, अवैध शराब और एनडीपीएस मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना डभरा पुलिस ने ग्राम बाडादरहा (सराईपाली खार) के पास संचालित जुए के अड्डे पर छापा मारकर बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर ‘काटपत्ती’ नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी डभरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यातायात शाखा और साइबर सेल के सहयोग से घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से 9 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया, जबकि 8 अन्य आरोपी पुलिस को देखकर अपनी मोटरसाइकिलें छोड़कर फरार हो गए।
छापेमारी में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 45,500 रुपये नकद, 14 मोटरसाइकिलें, 8 मोबाइल फोन, 52 ताश के पत्ते और 2 प्लास्टिक की चटाइयां जब्त की हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
