बलरामपुर, 08 जनवरी। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। वाड्रफनगर थाना क्षेत्र के एक स्कूल परिसर में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का छज्जा अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से 6वीं कक्षा के एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक छात्र की पहचान आलोक कुमार देवांगन (12 वर्ष), पिता रमेश देवांगन, निवासी शारदापुर के रूप में हुई है। बताया गया कि मध्यान्ह भोजन अवकाश के बाद बच्चे स्कूल परिसर में खेल रहे थे। खेलते-खेलते कुछ छात्र निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के पास पहुंच गए। इसी दौरान आलोक भी वहां गया और छज्जे के नीचे खड़ा हुआ। तभी अचानक कमजोर निर्माण के कारण छज्जा भरभराकर नीचे गिर पड़ा और आलोक मलबे में दब गया।
हादसे के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों और ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना पर वाड्रफनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इधर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी निजामुद्दीन खान ने भी निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का छज्जा गिरने से छात्र की मौत की पुष्टि की है।
घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश है। लोगों ने लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, साथ ही स्कूल परिसरों में चल रहे निर्माण कार्यों की सुरक्षा जांच कर भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।
