जशपुर, 08 जनवरी। जशपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-02 के लिपिक गिरीश कुमार वारे को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी लिपिक ने विभाग में कार्यरत एक भृत्य के कथित स्थानांतरण के नाम पर अवैध रकम की मांग की थी। शिकायतकर्ता से कुल 70 हजार रुपए की डिमांड की गई थी, जिसमें से 30 हजार रुपए पहले ही ले लिए गए थे। शेष 40 हजार रुपए लेते समय एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।
शिकायत में यह भी सामने आया है कि तय रकम नहीं देने पर आरोपी ने दबाव बनाने के लिए पीड़ित की पल्सर मोटरसाइकिल भी अपने कब्जे में रख ली थी। मामले की शिकायत मिलते ही एसीबी ने जांच कर साक्ष्य जुटाए और कार्रवाई को अंजाम दिया।
फिलहाल एसीबी आरोपी लिपिक से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
