रायगढ़, 08 जनवरी। रायगढ़–जशपुर मुख्य मार्ग पर गुरुवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। यह दुर्घटना पूंजीपथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गैरवाणी के पास हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से रायगढ़ से घरघोड़ा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गैरवाणी के पास सामने चल रहे तेज रफ्तार ट्रेलर को ओवरटेक करने का प्रयास करते समय बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे ट्रेलर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त की जा रही है। वहीं, पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
