*अर्जुन झा*
*बकावंड।* विकासखंड बकावंड के ग्राम शिवनागुड़ा में अवैध धान खरीदी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार यहां हर बुधवार को एक व्यापारी द्वारा खुलेआम कांटा लगाकर धान खरीदी की जा रही थी। शिकायत मिलने पर जगदलपुर मंडी के अधिकारियों ने गांव में औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान पाया गया कि जयमन बघेल द्वारा छोटे लाइसेंस के आधार पर नियमों की अनदेखी करते हुए अधिक मात्रा में धान खरीदी की जा रही थी। मौके पर पहुंची मंडी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 60 बोरी धान जप्त कर लिया।

इस कार्रवाई का नेतृत्व मंडी निरीक्षक पिंटू बघेल द्वारा किया गया। अचानक हुई इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वहीं अवैध धान खरीदी में लिप्त अन्य कारोबारियों में भी प्रशासन का भय देखने को मिल रहा है। मंडी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान खरीदी, भंडारण और परिवहन पर आगे भी सख्त निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन के इस ताबड़तोड़ एक्शन से नियमों को ताक पर रखकर धान खरीदी करने वालों को कड़ा संदेश मिला है।
