कोरबा, 08 जनवरी। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत दादर पीएम आवास के समीप बुधवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बस्ती के बच्चों के साथ खेलने निकला 4 वर्षीय मासूम प्रशांत यादव अचानक एक सार्वजनिक कुएं में गिर गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे दादर बस्ती क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, दामाद मोहल्ला दादर बस्ती निवासी राजमिस्त्री सावन यादव का पुत्र प्रशांत अपने हमउम्र बच्चों के साथ खेलने घर से निकला था। खेलते-खेलते बच्चे पीएम आवास के पास स्थित एक खुले कुएं तक पहुँच गए। कुएं की गहराई करीब 9 फीट बताई जा रही है। कुछ बच्चों को कुएं में नहाते देख प्रशांत भी पानी में उतर गया, लेकिन गहराई का अंदाजा न होने के कारण वह संतुलन खो बैठा और डूबने लगा।
प्रशांत को डूबता देख अन्य बच्चे घबरा गए और तत्काल मदद के लिए आवाज लगाने के बजाय वहाँ से भाग खड़े हुए। कुछ समय बाद जब घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी गई, तब तक काफी देर हो चुकी थी। ग्रामीणों ने कुएं से मासूम को बाहर निकालकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी।
घटना के समय प्रशांत के माता-पिता काम पर गए हुए थे, जबकि उसकी बड़ी बहन स्कूल में थी। जैसे ही हादसे की सूचना परिजनों को मिली, वे मौके पर पहुँचे और मासूम का शव देखकर बेसुध हो गए। बताया जा रहा है कि प्रशांत पहले भी अपनी दादी के साथ उसी कुएं में नहाने जा चुका था, जिससे उसे कुएं तक पहुँचने का रास्ता मालूम था।
इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर खुले और असुरक्षित कुओं को लेकर प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
