कोरबा, 08 जनवरी। पुलिस विभाग में अनुशासन को लेकर एक सख्त कार्रवाई सामने आई है। थाना करतला में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 528 विकास कोसले को विभागीय नियमों के उल्लंघन और गंभीर लापरवाही के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 31 दिसंबर 2025 को आरक्षक विकास कोसले को डाक वितरण के कार्य से कोरबा भेजा गया था। ड्यूटी पूरी करने के बाद वह 1 जनवरी 2026 को थाना करतला तो लौटा, लेकिन नियमानुसार रात्रि मुकाम की सूचना न तो थाने में दी और न ही किसी वरिष्ठ अधिकारी को अवगत कराया। बिना अनुमति और पूर्व सूचना के पूरी रात अनुपस्थित रहने को विभाग ने गंभीर अनुशासनहीनता माना।
जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि संबंधित आरक्षक विभागीय नियमों और आदेशों से परिचित होने के बावजूद पूर्व में भी लापरवाही बरत चुका था। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने इस कृत्य को कर्तव्य के प्रति घोर उदासीनता, अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता की श्रेणी में रखा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने आदेश जारी कर 4 जनवरी 2026 से आरक्षक विकास कोसले को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उसका मुख्यालय रिजर्व केंद्र, कोरबा निर्धारित किया गया है तथा उसे नियमानुसार केवल जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में स्पष्ट संदेश गया है कि ड्यूटी के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। विभाग ने साफ किया है कि भविष्य में ऐसे मामलों में और भी कठोर कदम उठाए जाएंगे।
