महासमुंद, 07 जनवरी। जिले में पुलिस ने तस्करी के एक नए और चौंकाने वाले तरीके का पर्दाफाश किया है। मरीजों को ले जाने वाली एम्बुलेंस की आड़ में गांजा तस्करी की जा रही थी, जिसे समय रहते पुलिस ने पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान एम्बुलेंस से 520 किलो गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तीनों आरोपी महाराष्ट्र के निवासी हैं, जो ओडिशा के भवानीपटना से गांजा लेकर नागपुर (महाराष्ट्र) जा रहे थे। टेमरी चेक पोस्ट पर नियमित जांच के दौरान पुलिस को एम्बुलेंस पर संदेह हुआ। जब वाहन को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें बड़ी मात्रा में गांजा छुपाकर रखा गया था।
कोमाखान थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
