रायपुर, 07 जनवरी 2026।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सशक्त किया जा रहा है। इसी क्रम में डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय, रायपुर (मेकाहारा) के ऑर्थोपेडिक विभाग में टोटल हिप रिप्लेसमेंट एवं टोटल नी रिप्लेसमेंट जैसी उन्नत सर्जिकल सुविधाएं पुनः पूरी क्षमता के साथ मरीजों के लिए उपलब्ध हैं। इस सुविधा से कूल्हे और घुटने की जटिल समस्याओं से पीड़ित मरीजों को बड़ी राहत मिल रही है।
अस्थि रोग विभागाध्यक्ष डॉ. आर. के. दास ने बताया कि गठिया, ऑस्टियोआर्थराइटिस, रूमेटॉइड आर्थराइटिस, दुर्घटनाजन्य चोट अथवा लंबे समय से जोड़ों के असहनीय दर्द से पीड़ित मरीजों के लिए यह सर्जरी अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। सर्जरी के बाद मरीज शीघ्र ही सामान्य दिनचर्या में लौट पा रहे हैं।

उन्होंने आमजन से अपील की कि हिप या घुटने की पुरानी समस्या को नजरअंदाज न करें और समय रहते ऑर्थोपेडिक ओपीडी में परामर्श लेकर उचित उपचार कराएं।
अम्बेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने कहा कि मेकाहारा में टोटल हिप और टोटल नी रिप्लेसमेंट की सुविधा पहले की तरह पूर्णतः संचालित है। आधुनिक तकनीक, निर्धारित मेडिकल प्रोटोकॉल और अनुभवी चिकित्सकों की टीम द्वारा सर्जरी को सुरक्षित रूप से अंजाम दिया जा रहा है। हाल के दिनों में करीब 8 मरीजों की सफल जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि इन सर्जरी से मरीजों को वर्षों से चले आ रहे दर्द से स्थायी राहत मिलती है और जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार होता है। शासकीय अस्पताल में यह सुविधा उपलब्ध होने से आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों को निशुल्क और उच्चस्तरीय इलाज मिल रहा है।
