*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* स्ट्रे सेफ फाउंडेशन, हैप्पी कामधेनु एवं बजरंग दल के प्रतिनिधि मंडल द्वारा कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से वर्तमान में पशु चिकित्सालय का समय प्रातः 8 से 12 बजे एवं सायं 4 से 5 बजे निर्धारित होने से उत्पन्न हो रही जन एवं पशुहित संबंधी समस्याओं से अवगत कराया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया कि सीमित समय के कारण पशुपालकों एवं पशुसेवकों को उपचार, टीकाकरण एवं आपातकालीन सेवाओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस संदर्भ में पूर्व की भांति पशु चिकित्सालय का समय प्रातः 8 बजे से सायं 5 बजे तक निर्धारित किए जाने का निवेदन किया गया। कलेक्टर ने विषय की गंभीरता को समझते हुए प्रतिनिधिमंडल की मांग पर सहमति व्यक्त की तथा पशु चिकित्सालय का पूर्व समय पुनः लागू किए जाने का आश्वासन दिया। इस निर्णय से क्षेत्र के पशु पालकों, पशु सेवकों एवं आमजन को राहत मिलने की उम्मीद है। प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे पशु कल्याण एवं जनहित में एक सराहनीय कदम बताया।
