जगदलपुर, 05 जनवरी। कांगेर घाटी, जगदलपुर रेंज एवं माचकोट रेंज में बाघ की मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद वन विभाग हाई अलर्ट मोड पर आ गया है। टाइगर मूवमेंट की पुख्ता जानकारी मिलने के बाद इन सभी क्षेत्रों को अलर्ट ज़ोन घोषित कर दिया गया है।
वन विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में सघन निरीक्षण के साथ-साथ लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। वन अमले को विशेष सतर्कता बरतने और हर गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने क्षेत्र के ग्रामीणों एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे जंगल क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचें, सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या बाघ की उपस्थिति की जानकारी तुरंत वन विभाग को दें।
वन विभाग का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
